Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

अमित शाह बोले- दिल्ली पुलिस अब अगले पांच साल और 25 साल का रोडमैप तैयार करे, दिल्ली दंगों की जांच में निभाई सराहनीय भूमिका

नई दिल्ली।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को दिल्ली पुलिस के 75वें स्थापना दिवस के अवसर पर फरवरी 2020 में उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुए दंगों की जांच के लिए दिल्ली पुलिस की सराहना की और कहा कि अब पुलिस को अगले पांच साल और 25 साल के लिए एक रोडमैप तैयार करना चाहिए।

शाह ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली में दंगों और कोरोना वायरस महामारी के दौरान कठिन परिश्रम किया। जिस प्रकार दिल्ली पुलिस ने दंगों की जांच की और अदालत में पेश किया उसके लिए मैं उन्हें बधाई देता हूं।

केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि दिल्ली पुलिस के सामने कई चुनौतियां हैं और राष्ट्रीय राजधानी की पुलिस होने के नाते उसके पास गणमान्य लोगों को सुरक्षा देने समेत कई दायित्व हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस के सामने कई कार्यक्रमों को बिना किसी समस्या के पूरा कराने और कानून-व्यवस्था से संबंधित अन्य मामलों का भी दायित्व होता है।