नई दिल्ली
म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी छाप छोड़ने वाले बप्पी लहरी का साथ आज छूट गया है। मुंबई में 69 की उम्र में बप्पी दा ने अंतिम सांस ली है। उनके निधन से बॉलीवुड इंडस्ट्री सदमे में है। वहीं फैन्स भी बप्पी दा को अलग-अलग अंदाज में याद कर रहे हैं। इंडस्ट्री में बप्पी दा ने ऐसी कई धुनें बनाईं कि लोग उन पर थिरकने से खुद को रोक नहीं पाएं। संगीत की दुनिया में बप्पी लहरी ने 5 दशक पहले एंट्री मारी थी और देखते ही देखते लोग उन्हें डिस्को किंग के नाम से बुलाने लगे थे। बप्पी दा का साथ तो छूट गया है लेकिन उनके गाने हमारे साथ हमेशा रहने वाले हैं। इन गानों के जरिए बप्पी लहरी की मौजूदगी का एहसास हमें हमेशा होता रहेगा। देखें बप्पी दा के वो गाने जो हमेशा से ही लोगों का दिल जीतते आए हैं।
चलते चलते
फिल्म: चलते चलते
इस गाने को सिमी ग्रेवालल और विशाल पर फिल्माया गया था। किशोर कुमार की आवाज और बप्पी दा की धुन ने इस गाने को यादगार बना दिया। फिल्म चलते चलते का यह गाना अपने आप में ही खास है।
तम्मा तम्मा लोगे
फिल्म: थानेदार
संजय दत्त और माधुरी दीक्षित की फिल्म के इस गाने को खुद बप्पी दा ने अपनी आवाज दी थी। उनके साथ इस गाने पर अनुराधा पौडवाल की जुगलबंदी तो देखते ही बनी थी।
कोई यहां अहा नाचे नाचे
फिल्म: डिस्को डांसर
ऊषा उत्थुप ने बप्पी लहरी के इस गाने में तो जैसे जान ही फूंक दी थी। फिल्म डिस्को डांसर का ये गाना आज भी लोगों की जुबान पर चढ़ा रहता है।