Wednesday, September 2निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

NSE की पूर्व CEO चित्रा रामकृष्ण के घर पर इनकम टैक्स की रेड

नई दिल्ली

 नेशनल स्टॉक एक्सचेंज यानी NSE की पूर्व सीईओ चित्रा रामकृष्ण के मुंबई स्थित आवास पर इनकम टैक्स ने छापा मारा है। चित्रा पर आध्यात्मिक गुरू के साथ गोपनीय जानकारी को साझा करने का आरोप है। मामले की जानकारी रखने वाले एक अधिकारी ने कहा, ‘यह फैसला उच्चतम स्तर पर लिया गया और टीमों को सुबह से ही रामकृष्ण से जुड़े परिसरों की तलाशी के लिए लगाया गया है।’ छापेमारी विभाग की मुंबई जांच शाखा द्वारा की जा रही है। इसके अलावा चित्रा पर एक वरिष्ठ अधिकारी आनंद सुब्रमण्यन की नियुक्ति में अनियमितता का भी आरोप है। इनके यहां भी आयकर विभाग छापेमारी कर रहा है

इससे पहले सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (सेबी) ने 11 फरवरी को रामकृष्ण पर 3 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया था। मार्केट रेगुलेटर सेबी ने एक्सचेंज की आंतरिक गोपनीय जानकारी को किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ साझा करने के लिए चित्रा पर यह कार्रवाई की थी।

बता दें चित्रा अप्रैल 2013 से दिसंबर 2016 तक नेशनल स्टॉक एक्सचेंज की एमडी एवं सीईओ थीं। वह योगी को सिरोमणि कहती थीं, जो उनके मुताबिक एक आध्यात्मिक शक्ति हैं और पिछले 20 वर्षों से व्यक्तिगत और व्यावसायिक मामलों पर उनका मार्गदर्शन कर रहे हैं। रामकृष्ण के अनुसार यह अज्ञात व्यक्ति या योगी कथित रूप से एक आध्यात्मिक शक्ति थी, जो अपनी इच्छानुसार कहीं भी प्रकट हो सकती थी।