नई दिल्ली
ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर एडम जम्पा ने माना है कि आईपीएल की मेगा नीलामी में किसी फ्रेंचाइजी द्वारा उन्हें नहीं चुने जाने पर वह निराश थे। 12 और 13 फरवरी को बेंगलुरू में हुए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 मेगा नीलामी में 204 खिलाड़ियों पर बोली लगी। वहीं 10 फ्रेंचाइजी ने अपनी टीम बनाने के लिए लगभग 552 करोड़ रुपये खर्च किए। इस नीलामी में विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन सबसे महंगे बिके। उन्हे मुंबई इंडियंस ने 15.25 करोड़ रुपये की मोटी रकम देकर अपनी टीम में शामिल किया।
जम्पा ने अनप्लेबल पॉडकास्ट को बताया, ”मैं दुर्भाग्य से आईपीएल नीलामी में जगह नहीं बना पाया। मैं ईमानदारी से कहूं तो थोड़ा अच्छा नहीं लगा। मैंने सोचा था कि अगर कभी एक साल होगा कि मुझे वहां फिर से मौका मिलता, तो यह इस साल होता। मैं सबसे अच्छा क्रिकेट खेलना चाहता हूं।”
आईपीएल 2021 के पहले हाफ में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम का हिस्सा रहे जम्पा और केन रिचर्डसन ने भारत में बढ़ते कोविड मालमों के कारण IPL को बीच में छोड़ने का फैसला किया था।
जम्पा ने कहा, ”अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट है और उसके बाद अगली चीज आईपीएल है। एक विदेशी स्पिनर के रूप में यह बहुत कठिन है, खासकर यदि आप सिर्फ एक स्पेशलिस्ट स्पिनर हैं और एक मिस्ट्री स्पिनर नहीं हैं। मेगा नीलामी जिस तरह से आयोजित किया गया, उन्होंने तेज गेंदबाजों पर बहुत पैसा खर्च किया, ऑलराउंडरों पर बहुत पैसा खर्च किया और यहां तक कि बल्लेबाजों को भी अच्छा पैसा नहीं मिला।”