चोटिल बंदी को खून की जरूरत बता परिजनों से मांगे पैसे
by seemasandesh
परिजनों ने रात्रि को जेल पहुंच पता किया तो झूठी निकली बात, शिकायत दर्ज कर जांच में जुटा जेल प्रशासन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। अज्ञात जने ने जिला कारागृह में एनडीपीएस एक्ट के मामले में बंद एक बंदी के चोट लगने व खून की आवश्यकता होने की बात कह परिजनों से फोन पर खाते में रुपए भिजवाने की बात कही। लेकिन जब उक्त बंदी के परिजनों ने जिला कारागृह पहुंच पता किया तो यह बात झूठी निकली। जिला कारागृह में बंद उक्त बंदी भी सकुशल मिला। परिजनों की शिकायत पर जेल प्रशासन जांच में जुटा है। जांच के तहत यह पता लगाया जा रहा है कि उक्त बंदी के परिजनों को कॉल जेल के अंदर से ही की गई या किसी अन्य व्यक्ति ने ठगी करने के इरादे से यह झूठी कहानी बनाई।