जयपुर
भर्तियों में अनियमितता को लेकर चौतरफा घिरी गहलोत सरकार ने बुधवार को बजट पेश करने के दौरान बेरोजगार युवाओं के लिए कई अहम ऐलान किए। सीएम अशोक गहलोत बजट भाषण के दौरान कहा कि हमने 1 लाख से अधिक नियुक्तियां दे दी हैं। 1.25 लाख पदों पर भर्तियां पक्रियाधीन हैं। इसके अलावा 1 लाख और पदों पर नई भर्ती निकलेंगी। उन्होंने कहा कि जुलाई 2022 में रीट की परीक्षा होगी। रीट के पुराने स्टूडेंट्स से आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा। पहले जो सुविधाएं परीक्षाओं में मिलीं थीं, वह फिरे दी जाएंगी। रीट में हमने भर्तियां 32000 से बढ़ाकर 62000 कर दी हैं। फर्जीवाड़ा रोकने के लिए एसओजी में एंटी चीटिंग सेल गठित होगा।
पुरानी पेंशन योजना फिर बहाल
प्रदेश में पुरानी पेंशन योजना फिर से लागू होगी, 1 जनवरी 2004 के बाद की नियुक्तियों को भी इसका लाभ मिलेगा। सीएम अशोक गहलोत ने कर्मचारियों की वेतन कटौती का 2017 का फैसला वापस लिया।
सीएम गहलोत ने कहा कि, ”हम सभी जानते हैं सरकारी सेवाओं से जुड़े कर्मचारी भविष्य के प्रति सुरक्षित महसूस करें तभी वे सेवाकाल में सुशासन के लिए अपना अमूल्य योगदान दे सकते हैं। अतः 1 जनवरी 2004 और उसके पश्चात नियुक्त हुए समस्त कार्मिकों के लिए मैं आगामी वर्ष से पूर्व पेंशन योजना लागू करने की घोषणा करता हूं।