जयपुर
राजस्थान में मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना का दायरा बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दिया है। योजना के तहत पहले 5 लाख रुपये की सीमा थी। सीएम गहलोत ने आज 23 फरवरी को विधानसभा का बजट पेश करते हुए यह घोषणा की। सीएम ने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। सीएम गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री चिरंजीवी दुर्घटना बीमा योजना भी प्रदेश में लागू की जाएगी। जिसमें 5 लाख तक का दुर्घटना बीमा निशुल्क होगा। सीएम ने अपने बजट भाषण में राज्य के सबसे बड़े एसएमएस अस्पताल में 5 नए विभाग खोलने का भी ऐलान किया। नए विभाग खुलने से मरीजों को निजी अस्तपतालों में जाना नहीं पड़ेगा। मरीजों को विषय विशेषज्ञों द्वारा गुणवत्ता युक्त चिकित्सा मिल सकेगी।
चिरंजीवी कार्ड नहीं होने पर भी होगा इलाज
सीएम गहलोत ने अपने बजट भाषण में योजना के तहत मुख्यमंत्री चिरंजीवी योजना में काकलियर इंप्लांट, बोनमेरो ट्रांसप्लांट आॅर्गन ट्रांसप्लांट सहित कई गंभीर बीमारियों भी जोड़ने की घोषणा की। सीएम ने कहा कि चिरंजीवी कार्ड नहीं होने पर भी निशुल्क उपचार होगा। जिला कलेक्टर को चिकित्सालयों को निर्देश देने के लिए अधिकृत किया गया है। जिला कलेक्टर भविष्य में चिरंजीवी कार्ड बनाने के लिए निर्देश देंगे।