नई दिल्ली
भाग्यश्री आज अपना 53वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रही हैं। सुपरस्टार सलमान खान की पहली ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ में लीड एक्ट्रेस रहीं भाग्यश्री ने कई दशकों से लोगों का मनोरंजन कर रही हैं। ‘मैंने प्यार किया’ जहां सलमान खान के लिए पहली बड़ी फिल्म थी वहीं भाग्यश्री ने भी इस फिल्म के जरिए बॉलीवुड जगत में पहचान बनाई थी। फिल्म का एक किस्सा भाग्यश्री ने एक रियलिटी टीवी शो में साझा किया था। भाग्यश्री ने अपनी डेब्यू फिल्म के उस सीन के बारे में बताया था जिसे सुनकर वो रो पड़ी थीं। हालांकि बाद में सलमान खान ने ही उन्हें ये सीन करने के लिए राजी किया था।
सीन के बारे में सुनकर खूब रोई थीं भाग्यश्री
भाग्यश्री ने बताया कि तब वह 18 साल की थीं। उनका एक बॉयफ्रेंड था और उससे उनकी शादी होने वाली थी। हालांकि तब तक उन्होंने कभी भी किसी लड़के को गले नहीं लगाया था। डायरेक्टर ने उन्हें फिल्म के एक सीन के बारे में बताया जिसमें उन्हें सलमान खान को गले लगाना था। इस सीन के बारे में सुनकर भाग्यश्री को घबराहट होने लगी और वह फूट-फूटकर रोने लग गईं।