Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

विवाह में भोजन से श्रीडूंगरगढ़ में कल सौ से ज्यादा रोगी हुए थे बीमार, अस्पतालों से सभी को मिली छुट्टी

बीकानेर

बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में फूड पॉयजनिंग के कारण मंगलवार को बीमार हुए सभी सौ लोगों का स्वास्थ्य अब खतरे से बाहर है। छह बच्चों सहित करीब पंद्रह बीमार बीकानेर के पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर और चाइल्ड हॉस्पिटल में भर्ती कराए गए थे। इनको अब अस्पताल से छुट्‌टी दे दी गई है।

मंगलवार को श्रीडूंगरगढ़ के मोमासर बास मोहल्ला में एक विवाह समारोह के दौरान झुंझुनूं व चूरू से बारातें आई थी। इसी बारात में भोजन करने से करीब सौ लोग बीमार हो गए थे। इनमें 94 रोगी तो श्रीडूंगरगढ़ के सरकारी अस्पताल पहुंचे थे, जबकि कुछ प्राइवेट अस्पताल में गए थे। पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में नौ और चाइल्ड हॉस्पिटल में छह बच्चे भर्ती किए थे। इन सभी की तबियत बुधवार सुबह तक ठीक रही। इसके बाद अधिकांश को अस्पताल से छुट्‌टी दे दी गई है।

नष्ट कराया भोजन

फूड पॉयजनिंग होने से हरकत में आए जिला प्रशासन ने मंगलवार शाम को ही उस विवाह स्थल पर बना भोजन नष्ट करवा दिया। यहां बने ज्यूस और दही पापड़ी जैसे सामान खाने वाले बारातियों को ही फूड पॉयजनिंग की समस्या हुई थी। उधर, इस परिवार में विवाह समारोह भी सामान्य रूप से चला। हालांकि प्रशासन ने भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी है।