जयपुर
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने राजस्थान बजट की तुलना काली दुल्हन से करने के बयान पर माफी मांग ली है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पूनिया ने कहा कि क्षमा प्रार्थी हूं। अनायास ही मुंह से शब्द निकल गए थे। पूनिया विवादित बयान देने के बाद कांग्रेस और महिला संगठनों के निशाने पर आ गए थे। मामले पर विवाद बढ़ता देख सतीश पूनिया ने गुरुवार को बयान जारी कर कहा कि बुधवार को पेश हुए बजट पर मैं भाजपा का पक्ष रख रहा था। उस दौरान अनायास ही मेरे मुंह से शब्द निकल गए थे। उन शब्दों से किसी को बुरा लगा, भावनाएं आहत हुई हो तो मैं विनम्रता से माफी मांगता हूं। पूनिया ने कहा कि वे सामान्य तौर पर इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल नहीं करते हैं।
पूनिया ने बजट पर प्रतिक्रिया के दौरान दिया विवादास्पद बयान
उल्लेखनीय है कि सीएम गहलोत ने 23 फरवरी को राजस्थान विधानसभा में बजट पेश किया था। बजट के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मौजूदा बजट लीपापोती वाला है। इसके बाद पूनिया ने इसकी तुलना काली दुल्हन से कर दी। पूनिया ने कहा था कि ऐसा लग रहा है कि किसी काली दुल्लन को ब्यूटी पार्लर पर ले जाकर उसका अच्छे से श्रंगार कर पेश किया गया हो। इससे ज्यादा इस बजट में मुझे कुछ नहीं लगा।