जिला प्रशासन ने की नशा मुक्ति की अपील, सबने ली ‘नशा न करने, न करने देने’ की शपथ
श्रीगंगानगर। शुक्रवार सुबह शिक्षा विभाग और नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थी, स्काउट गाइड, नेहरू युवा केन्द्र व एनसीसी के वालंटियर्स सहित बड़ी संख्या में आमजन गंगानगर को नशा मुक्त बनाने के लिए सड़कों पर दौड़े। इन सभी ने सामूहिक रूप से ‘नशा न करेंगे, ना करने देंगे’ का संकल्प लेते हुए नशा मुक्ति महाअभियान में अपनी सक्रिय सहभागिता का आश्वासन भी दिया। मौका रहा जिला प्रशासन द्वारा नशा मुक्ति अभियान (मिशन अगेंस्ट नारकोटिक्स सब्सटेंस एब्यूज) मंशा के तहत मैराथन रैली आयोजन का। सुबह 8 बजे सुखाड़िया सर्किल से रवाना होकर मैराथन रैली महाराजा गंगासिंह चौक पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में आमजन ने रैली में शामिल होकर नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता की अलख जगाई।
गंगा सिंह चौक पर आयोजित कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलक्टर सतर्कता श्रीमती कमला अलारिया ने नशे को सामाजिक बुराई और मानवता के लिए अभिशाप बताते हुए कहा कि बीकानेर संभाग को नशा मुक्त बनाने के लिए संभागीय आयुक्त नीरज के. पवन की पहल पर नशा मुक्ति महाअभियान ह्यमंशाह्ण की शुरूआत की गई है। इसके तहत विभिन्न गतिविधियां संचालित करते हुए आमजन को नशा मुक्ति के प्रति जागरूक किया जा रहा है। श्रीमती अलारिया ने मैराथन रैली में भाग लेने वाले प्रतिभागियों सहित उपस्थितजनों को ‘मंशा’ अभियान की जानकारी देते हुए ‘नशा न करेंगे, न करने देंगे’ के साथ-साथ सभी को नशा मुक्त रहने की शपथ भी दिलवाई।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन भवानी सिंह पवार, एसडीएम उम्मेद सिंह रतनू, सीएमएचओ डॉ.गिरधारीलाल मेहरडा, पीएमओ डॉ. बलदेवसिंह चौहान, एडिशनल एसपी जयसिंह तंवर, नशा मुक्ति विशेषज्ञ डॉ.रविकांत गोयल, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक प्रेमाराम, महिला बाल विकास विभाग के उपनिदेशक विजय कुमार, औषधि एवं नियंत्रक अधिकारी पंकज जोशी, कार्यवाहक जिला खेलकूद अधिकारी सुरेंद्र बिश्नोई, गिरजेशकांत सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। मंच संचालन नगर परिषद के प्रेम चुघ ने किया। स्काउट गाइड द्वारा गंगासिंह चौक पर रंगोली बनाकर नागरिकों को नशा मुक्ति का संदेश दिया गया।