Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

ओझा दम्पती ने किया दीवाने स्टूडियो का उद्घाटन

श्रीगंगानगर (सीमा सन्देश)। दीवाने फैंस क्लब के सरस्वती नगर स्थित नवनिर्मित ‘दीवाने स्टूडियो’ का हर्षोल्लासपूर्वक उद्घाटन मुम्बई से पधारे टीवी व फिल्म अभिनेत्री जया ओझा तथा पार्श्व गायक उद्भव ओझा ने रिबन काटकर किया गया। विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ एडवोकेट मंजू पांडे थीं। राजरमन वशिष्ठ ने संचालन करते हुए अतिथियों का विस्तार से परिचय दिया। उद्भव ओझा व जया ओझा ने ‘एक जिंद एक जान’, ‘चलते चलते कहीं खो जाता हूँ मैं’ व ‘ये रातें ये मौसम नदी का किनारा’ गीत सुनाकर अद्भुत समां बांधा। उन्होंने केएल सहगल से लेकर अरजीत सिंह तक के बॉलीवुड संगीत में हुए बदलाव के बारे में बताया और कहा कि हर दौर का संगीत बढ़िया है। अदाकारा जया ओझा ने बताया कि श्रीगंगानगर में फतह सिंह से उन्होंने संगीत सीखा तथा पन्नालाल कत्थक से कत्थक नृत्य सीखा। उन्हें जयपुर में रविन्द्र मंच पर नाटक करते हुए सीरियल्स में कार्य करने का अवसर मिला। वे आम आदमी से प्रेरणा लेकर अभिनय करती हैं, किसी कलाकार को कॉपी नहीं करती। क्लब के संयोजक/संस्थापक केपी योगी ने ओझा दंपती का स्वागत करते हुए कहा कि हमारे लिए गर्व की बात है कि ओझा दंपती दीवाने स्टूडियो का उदघाटन करने मुम्बई से विशेष रूप से पधारे हैं। क्लब गंगानगर के नए गायकों को अवसर प्रदान करेगा। अध्यक्ष हेमंत नागौरी ने स्टूडियो उदघाटन के अवसर पर समस्त सदस्यों को शुभकामनाएं दीं। उपाध्यक्ष पवन गोयल ने कहा कि दीवाने स्टूडियो का लाभ श्रीगंगानगर के सभी गायकों व कलाकारों को मिलेगा। संरक्षक विद्यासागर गिदड़ा ने बताया कि स्टूडियो में गायकों के लिए समस्त सुवधाएँ व साधन जुटाए जाएंगे।