पाली
सिरोही के आबूरोड थाना क्षेत्र में मंगलवार रात को सरकारी गाड़ी से माउंट जा रहे अधिकारियों की कार पर कुछ बदमाशों ने पत्थर बरसाए। जिससे कार का कांच टूट गया। जानकारी मिलने पर आबूरोड सदर थाना पुलिस देर रात तक बदमाशों की तलाश में जुटी रही। मामले में कुछ युवकों को पूछताछ के लिए पुलिस ने हिरासत में लिया है। जिनसे आरोपियों को लेकर सुराग हाथ लगे हैं। संभवत बुधवार को पुलिस मामले में आरोपियों के नामों का खुलासा करेगी।
सिरोही एसपी धर्मेन्द्रसिंह यादव ने बताया कि कार चालक ओमप्रकाश शर्मा स्टेट मोटर गेराज की गाड़ी में कुछ सरकारी अधिकारियों को माउंट आबू लेकर जा रहे थे। इस दौरान आबूरोड सदर थाना क्षेत्र में उनकी गाड़ी पर कुछ बदमाशों ने पत्थर फेंके। जिससे कार का कांच टूट गया। मामले में कुछ युवकों को हिरासत में लिया हैं। जल्द ही खुलासा करेंगे। ज्ञात रहे कि गत दिनों भी हाइवे पर रात के समय गुजरने वाले वाहन चालकों से मारपीट कर उनके साथ लूट की घटना करने वाली गैंग को सिरोही पुलिस ने पकड़ा था।
घटना के बाद का सीसीटीवी सामने आया
घटना के बाद का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जिसमें क्षतिग्रस्त गाड़ी का ड्राइवर उतरता दिख रहा है। जिसने अपने सिर पर रुमाल रख रखा है। संभवत पत्थर से उसके सिर में भी चोट आई है।
राज्यपाल 7 दिन के प्रवास पर हैं माउंट आबू में, अधिकारी माउंट ही जा रहे थे
राज्यपाल कलराज मिश्र मंगलवार को माउंट आबू पहुंचे थे। वे अगले एक सप्ताह तक यहां रहेंगे। ऐसे में सरकारी अधिकारियों की टीम का भी माउंट आबू में जमावड़ा रहेगा। गौरतलब है कि राज्यपाल मिश्र अपनी पत्नी व स्टॉफ के साथ सात दिन के प्रवास पर माउंट आबू आए हुए हैं। जिन अधिकारियों की गाड़ी पर रात के समय पथराव हुआ वे भी माउंट जा रहे थे।