Wednesday, May 13निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

तहसीलदार ने ज्यूस पिला तुड़वाया 24 घंटे का अनशन

  • मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई न होने पर आन्दोलन तेज करने की चेतावनी
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    गांव जोरावरपुरा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में कक्षा दसवीं में अध्ययनरत छात्रा से छेड़छाड़ करने व धमकाने के प्रकरण में प्रधानाचार्य को गिरफ्तार करने व दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर भारत की जनवादी नौजवान सभा की जिला कमेटी के चार सदस्यों की 24 घंटे की भूख हड़ताल शनिवार को दोपहर 2 बजे समाप्त हो गई। 24 घंटे की भूख हड़ताल जंक्शन शहर के शहीद भगतसिंह चौक पर की गई। प्रशासन की तरफ से तहसीलदार दानाराम मीणा ने मौके पर पहुंचकर चारों अनशनकारियों को ज्यूस पिलाकर अनशन तुड़वाया। इसके बाद नौजवान सभा की ओर से मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंप कर प्रधानाचार्य की गिरफ्तारी, मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की गई। कार्रवाई न होने पर आन्दोलन को तेज करने का निर्णय लिया गया। इस मौके पर नौजवान सभा के प्रदेशाध्यक्ष जगजीत सिंह जग्गी ने कहा कि एक तरफ राज्य सरकार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा देती है लेकिन दूसरी तरफ जिले के विद्यालयों में बेटियों के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं बढ़ रही हैं। गांव जोरावरपुरा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में हुए घटनाक्रम का जिक्र करते हुए जग्गी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने आरोपी शारीरिक शिक्षक को गिरफ्तार कर इतिश्री कर ली। जबकि पीड़िता को धमकाने वाले प्रधानाचार्य के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने मांग की कि प्रधानाचार्य को विद्यालय से हटाकर उसे गिरफ्तार किया जाए। साथ ही दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। अन्यथा आन्दोलन को और तीखा किया जाएगा। इस मौके पर डीवाईएफआई के जिला सचिव मोहन लोहरा, वेद मक्कासर, रामकुमार, बलवीर, बिन्टू, सहदेव, भागीराम, सुरेश सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।