Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

सभापति-पूर्व चेयरमैन सहित चार जनों के खिलाफ मुकदमा

  • फर्जी तरीके से प्लाट हड़प चहेते को बेचने का आरोप
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    फर्जी व कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर प्लाट हड़प अपने चहेते को बेचने का मामला सामने आया है। इस संबंध में जंक्शन पुलिस थाना में नगर परिषद सभापति, पूर्व चेयरमैन व एक महिला सहित चार जनों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ है। जानकारी के अनुसार अमृतलाल सिंगला (71) पुत्र बिहारीलाल निवासी सेक्टर नम्बर 9/1, पुलिस थाना के सामने, जंक्शन ने रिपोर्ट देते हुए बताया कि नगर परिषद सभापति गणेश राज बंसल पुत्र रामप्रसाद बंसल निवासी सिविल लाइन, जंक्शन, पूर्व चेयरमैन पवन अग्रवाल पुत्र गुरदयाल मल निवासी सेक्टर नम्बर 1, जिला अस्पताल के नजदीक, टाउन व किशनलाल गोस्वामी निवासी दुर्गा कॉलोनी, जंक्शन ने सरकार की अचल सम्पत्ति एवं राजस्व को हड़प करने की गर्ज से जंक्शन के सेक्टर नम्बर 6 एल में स्थित प्लाट नम्बर 110 की लीज डीड फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज के आधार पर सुनीता शर्मा उर्फ बिट्टूडी पत्नी प्रहलाद चन्द शर्मा निवासी वार्ड नम्बर 6, पुरानी खुंजा सेक्टर 12/एल, जंक्शन के नाम से निष्पादित कर उपपंजीयक कार्यालय से पंजीकृत करवा लिया। बाद में इस प्लॉट को अपने ही चहेते को बेच दिया। अमृतलाल सिंगला के अनुसार इस प्लॉट को 800 रुपए में सुनीता शर्मा के नाम से अलॉटमेंट कर दिया। अलॉटमेंट की शर्त की पालना नहीं की। इस प्लॉट पर सुनीता शर्मा का 1969 का कब्जा माना जबकि सुनीता शर्मा का जन्म वर्ष 1975 का है। इस प्रकार सभापति, पूर्व चेयरमैन वगैरा ने मिलकर साजिश कर उक्त प्लाट हड़प कर आगे बेचान कर दिया। मामले की जांच एसआई शैलेश चन्द कर रहे हैं।