उदयपुर
स्कूलों में मोबाइल के इस्तेमाल की शिकायतें बढ़ने लगी हैं। राजस्थान के उदयपुर में एक सरकारी स्कूल में यह विवाद इतना बढ़ा कि प्रिंसिपल ने सात बच्चों को सस्पेंड कर दिया। इन बच्चों पर आरोप है कि वह क्लास के दौरान इंस्टाग्राम चलाते हैं। इसके अलावा टीचर्स से झगड़ा करने और स्कूल में फर्नीचर तोड़ने की भी शिकायत है। वहीं बच्चों का कहना है कि स्कूल टीचर्स क्लास लेने आते हैं कि ईयरफोन लगाकर गाना सुनते रहते हैं।
पूरी क्लास को करते हैं डिस्टर्ब
यह मामला राजस्थान के राजसमंद जिले में खमनोर तहसील स्थित सरकारी हाईस्कूल का है। स्कूल के हेड मास्टर भवानी शंकर पालीवाल ने 24 फरवरी को एक लिखित आदेश जारी करते हुए कक्षा 10 के 7 छात्रों को स्कूल से दस दिन के लिए सस्पेंड कर दिया है। हेडमास्टर ने बताया कि बच्चे बार-बार डिसिप्लिन बिगाड़ रहे थे। सभी छात्र 10वीं क्लास के हैं। 24 मार्च से इनकी परीक्षाएं हैं। इनको परीक्षा से वंचित नहीं किया जाएगा। प्रवेश पत्र आते ही इन्हें दे दिए जाएंगे ताकि ये परीक्षा में बैठ सके। आदेश में पुलिस कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी गई है। हेडमास्टर भवानी शंकर ने आरोप लगाया कि बच्चे स्कूल में मोबाइल लेकर आते हैं। इंस्टाग्राम चलाते हैं। स्कूल का फर्नीचर तक तोड़ डाला है। क्लास टीचर कुलदीप जोशी ने बताया कि 55 बच्चें हैं और इन सात बच्चों की वजह से पूरी क्लास का अनुशासन बिगड़ रहा है।
छात्रों ने भी टीचर्स पर लगाए आरोप
वहीं छात्रों ने भी टीचर्स पर आरोप लगाया है। छात्रों का कहना है कि टीचर्स देरी से स्कूल आते हैं। इसके अलावा वह ठीक ढंग से पढ़ाते भी नहीं हैं। इतना ही नहीं कुछ छात्रों ने टीचर्स का क्लास में ईयरफोन लगाकर गाना सुनते हुए वीडियो भी बना लिया था। छात्रों का कहना है कि इसी बात से नाराज होकर स्कूल ने बच्चों के खिलाफ यह कदम उठाया है।