नई दिल्ली
श्रीलंका के खिलाफ जारी तीन मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मैच में भारतीय टीम के सदस्य मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव मैदान पर मस्ती के मूड में नजर आए। भारत ने इस मैच में 7 विकेट से जीत दर्ज की। दोनों खिलाड़ियों ने ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान फील्ड अंपायर जे मदनगोपाल के पास से गुजरते हुए आउट देने का इशारा किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सिराज और कुलदीप दूसरे टी20 में प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे।
श्रीलंका की पारी के 10वें ओवर में ये वाकया हुआ। जब युजवेंद्र ने पांचवीं गेंद पर बल्लेबाज असालंका को एलबीडब्ल्यू आउट किया। अंपायर ने तुरंत आउट करार दिया, लेकिन बल्लेबाज ने रिव्यू करने का फैसला किया।
DRS में भी असालंका को आउट दिखाया गया, लेकिन थर्ड अंपायर को आउट देने के फैसले में लेट हो रहा था, इस दौरान सिराज और कुलदीप विकेट गिरने का जश्न मनाते हुए नजर आए। सिराज और कुलदीप दोनों बाकी ग्रुप में शामिल होने से पहले एक-एक करके अंपायर के पीछे से दौड़ते हुए ‘आउट’ करने का इशारा किया।