बेंगलुरु
भारत और श्रीलंका के बीच बेंगलुरु में दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला खेला जाएगा। ये मुकाबला डे-नाइट टेस्ट होगा, जो दूसरी बार भारतीय सरजमीं पर आयोजित होगा। इसी मैच में 50 प्रतिशत तक दर्शकों को मैदान पर आने की अनुमति दी गई है। हालांकि, मोहाली में खेले जाने वाला पहला टेस्ट मैच , जो विराट कोहली का 100वां टेस्ट होगा वो बंद दरवाजों के पीछे खेला जाएगा।
कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) के एक अधिकारी ने क्रिकइंफो से इस बात की पुष्टि की कि 12 से 16 मार्च के बीच खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट मैच के पांचों दिन 50 प्रतिशत तक समर्थकों को मैच देखने की मंजूरी मिलेगी। जहां तक मोहाली का सवाल है बीसीसीआई “समर्थकों को मैदान पर आने की अनुमति नहीं देगा।” बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम की दर्शक क्षमता 40 हजार है। ऐसे में 20 हजार सीटों को भरा जा सकता है।
केएससीए ने बेंगलुरु में खेले जाने वाले पिंक बॉल टेस्ट मैच के लिए टिकटों की बिक्री शुरू कर दी है। मोहाली टेस्ट में दर्शकों को मंजूरी ना देने के पीछे दो कारण बताए गए हैं। पहला कारण ये है कि मोहाली और आसपास के इलाकों में कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं और दूसरा कारण यह कि अधिकतर भारतीय खिलाड़ियों को इस सीरीज के बाद बबल ट्रांसफर के अंतर्गत अपनी आईपीएल टीमों से जुड़ना है।