Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

जिला अस्पताल को बचाने के लिए धरने पर डटे

  • 97वें दिन भी जारी रहा बेमियादी धरना, शहर के आम नागरिक बैठे धरने पर
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    टाउन के राजकीय जिला चिकित्सालय को जंक्शन में नवां बाइपास के पास निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के पास स्थानांतरित करने के विरोध में जिला अस्पताल बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले चल रहा बेमियादी धरना बुधवार को 97वें दिन भी जारी रहा। बुधवार को जिला अस्पताल के समक्ष जारी धरने पर शहर के आम नागरिक बैठे। इस मौके पर संघर्ष समिति सदस्य अनिल मोहन मिश्रा ने कहा कि टाउन स्थित जिला अस्पताल के स्थानांतरण को लेकर शहर की जागरुक नागरिकों की ओर से जिला अस्पताल बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले 97 दिनों से धरना दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी यह लड़ाई किसी राजनैतिक पार्टी के खिलाफ नहीं है। हमारी मांग सिर्फ मेडिकल कॉलेज से सम्बद्ध अस्पताल को टाउन में रखने की है। उसी के लिए संघर्ष किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज से 45 साल पूर्व बने इस सरकारी अस्पताल को टाउन क्षेत्र के भामाशाहों की ओर से अपने सहयोग से बनवाया गया था। इसमें प्रत्येक मजदूर की खून पसीने की कमाई लगी हुई है। किसी भी भामाशाह के नाम की पट्टी नहीं लगी। इसी जिला अस्पताल में श्री अमरनाथ सेवा समिति की ओर से धर्मार्थ धर्मशाला मरीजों के परिजनों के लिए बनवाई गई है। इस अस्पताल के निर्माण में सभी ने निस्वार्थ भाव से दान दिया था। आज उसे यहां से ले जाने की बात चन्द लोग अपने स्वार्थ के लिए कर रहे हैं जो टाउन क्षेत्र के लोगों को कतई मंजूर नहीं। चाहे इसके लिए आन्दोलन को और तेज ही क्यों न करना पड़े, पीछे नहीं हटेंगे। संघर्ष समिति के देवेन्द्र पारीक ने बताया कि पूर्व में प्रस्ताव बना था कि राजकीय मेडिकल कॉलेज से सम्बद्ध बेस अस्पताल को टाउन में ही रखा जाएगा। लेकिन अब सरकार व प्रशासन इससे मुकर रहा है। बेस अस्पताल को मेडिकल कॉलेज के साथ नवां बाइपास पर शुरू करने की कोशिश की जा रही है। इसी का विरोध है। राज्य सरकार और प्रशासन को जनभावनाओं को देखते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज से सम्बद्ध बेस अस्पताल को टाउन में ही रखने की मांग माननी पड़ेगी। जिला अस्पताल को टाउन में ही रखा जाए और इसमें विस्तार किया जाए। जब तक मेडिकल कॉलेज के पास जिला अस्पताल के प्रस्ताव को निरस्त नहीं किया जाता तब तक आन्दोलन जारी रहेगा। इस मौके पर बंटी मिड्ढा, हरी खदरिया, सुनील जैन, बलकरण सिंह, अशोक सिन्धी, सन्दीप गर्ग, गुरमीत सिंह, जगदीश सिंह, नीरज गर्ग, नरेन्द्र शर्मा, प्रदीप ऐरी, भगवान सिंह आदि मौजूद थे।