नई दिल्ली
शेयर बाजार के बिग बुल राकेश झुनझुनवाला के पोर्टफोलियो में कई स्टॉक हैं जो तगड़ा रिटर्न दे रहे हैं। ऐसा ही एक स्टॉक डीबी रियल्टी है। बीते फरवरी महीने में धांसू परफॉर्मेंस के बाद एक बार फिर ये स्टॉक निवेशकों को मालामाल कर रहा है। सिर्फ 4 कारोबारी दिन में डीबी रियल्टी के निवेशकों को 25 फीसदी से ज्यादा रिटर्न मिल गया है।
दरअसल, इस सप्ताह सिर्फ 4 दिन शेयर बाजार में कारोबार हुआ है। इन 4 दिनों में डीबी रियल्टी के स्टॉक पर लगातार अपर सर्किट लगा है। आपको बता दें कि शिवरात्रि की वजह से मंगलवार के दिन बाजार बंद थे।
कितना है स्टॉक प्राइस: बीएसई इंडेक्स पर डीबी रियल्टी का स्टॉक प्राइस 110.05 रुपए है। बीते 14 फरवरी को स्टॉक का प्राइस 133.85 रुपए था, जो 52 सप्ताह का उच्चतम स्तर है। इसके बाद स्टॉक में मुनाफावसूली हावी रही। निवेशकों को शेयर बेचकर मुनाफा कमाए और शेयर का भाव 100 रुपए से भी नीचे आ गया। फिलहाल, कंपनी का मार्केट कैपिटल 2,677.06 करोड़ रुपए है।