Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

सुरक्षा के लिए बने कानूनों की दी जानकारी

  • महिला सुरक्षा अधिकारों को लेकर सुरक्षा सखी मीटिंग का आयोजन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    महिला पुलिस थाना में शुक्रवार को महिला सुरक्षा अधिकारों को लेकर सुरक्षा सखी मीटिंग का आयोजन किया गया। बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अजयसिंह राठौड़ ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए बने कानूनों की जानकारी दी। मीटिंग में एसपी ने बताया कि महिलाओं पर होने वाले घरेलू हिंसा में प्रताड़ना को रोकने के लिए सुरक्षा सखी कार्यक्रम का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश के संविधान में महिलाओं को अत्याचार से बचने के साथ-साथ विभिन्न प्रकार के घरेलू हिंसा जैसे मामलों के निराकरण के लिए अनेक कानून तो बनाए गए हैं, लेकिन संविधान में महिला सुरक्षा के कानून होने के बावजूद भी विभिन्न स्थानों पर महिलाएं घरेलू अत्याचार, हिंसा, मारपीट व प्रताड़ना सहित अनेक प्रकार के अपराधों से पीड़ित हैं। इसी को ध्यान में रखते राजस्थान पुलिस की ओर से सुरक्षा सखी के रूप में एक पहल की जा रही है। प्रदेश के प्रत्येक थाना क्षेत्र में महिलाओं और नाबालिग बच्चियों से संबंधित समस्या और उनसे जुड़े अपराधों की रोकथाम पर सकारात्मक संवाद स्थापित करने के लिए सुरक्षा सखी का गठन किया गया है। उन्होंने सुरक्षा सखी सदस्यों को महिला सुरक्षा, महिला संबंधी कानून और महिला सुरक्षा के उपायों की जानकारी देते हुए कहा कि महिला और बच्चियों से संबंधित होने वाले अपराधों की तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि अपराधियों पर समय रहते नकेल कसी जा सके। थाना प्रभारी मोनिका बिश्नोई ने महिलाओं पर बढ़ते अपराध व छोटी बच्चियों पर हो रहे जघन्य अपराध, पोक्सो एक्ट, पुलिस से सम्पर्क बनाए रखने, कानून की जानकारी रखने व उनका उपयोग लेने सहित कई जानकारियां दी। बिश्नोई ने कहा कि सरकार की ओर से महिलाओं की सुरक्षा के लिए कई कानून बनाए गए हैं। कहीं पर भी महिलाओं पर कोई अपराध हो रहा है या महिलाएं अपराध की शिकार हो रही हैं तो तुरन्त उसकी जानकारी पुलिस को देनी चाहिए। इसी प्रकार कहीं पर भी स्कूली छात्राओं व कामकाजी महिलाओं पर अपराध व अत्याचार हो रहा है तो उसकी जानकारी तुरन्त पुलिस को दें ताकि अपराधियों पर कठोर कार्रवाई की जा सके। मीटिंग में समाजसेवी प्रो. सुमन चावला, पार्षद नगीना बाई, एसआई संध्या बिश्नोई आदि मौजूद थे।