जयपुर
राजस्थान के जैसलमेर में 7 मार्च को होने वाला एयरफोर्स का वायुशक्ति कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। कार्यक्रम में पीएम नरेंद्र मोदी शामिल होने वाले थे। प्रोटोकाल अधिकारी तारिक फतेह ने पीएम मोदी के नहीं आने की पुष्टि की है। पीएम मोदी का 7 मार्च को 9.40 मिनट जैसलमेर पहुंचने का कार्यक्रम था। राजस्थान के अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थगित नहीं होने की वजह से अनभिज्ञता जताई है। माना जा रहा है कि रूस- यूक्रेन युद्ध की वजह से कार्यक्रम स्थगित किया गया है।
स्थगित होने की नहीं बताई वजह
अधिकारियों का कहना है कि उन्हें सिर्फ भारत सरकार से पीएम मोदी के जैसलमेर नहीं आने की जानकारी मिली है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई बड़े केंद्रीय मंत्री शामिल होने वाले थे। वायुसेना हर तीन साल में इस तरह के कार्यक्रम करती है। पहले वर्ष 2019 में कार्यक्रम हुआ था। कार्यक्रम में वायुसेना अपनी शक्ति का प्रदर्शन करती है। कार्यक्रम में 148 लड़ाकू विमान भाग लेने वाले थे। जैसलमेर के पोखरण रेंज में वायु शक्ति अभ्यास होना था।