नई दिल्ली
स्पिन गेंदबाजी को नई परिभाषा देने वाले ऑस्ट्रेलिया के महान स्पिनर शेन वॉर्न का शुक्रवार को थाईलैंड में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वॉर्न अपने 15 साल के इंटरनेशनल करियर के दौरान कई रिकॉर्ड और अपने विवादों की वजह से चर्चा में रहे थे। लेकिन 29 साल पहले उन्होंने एक ऐसी गेंद फेंकी थी, जिसे ‘बॉल ऑफ द सेंचुरी’ का नाम दिया गया था। इस गेंद पर जो बल्लेबाज आउट हुए थे उन्होंने अब वॉर्न को अपनी श्रद्धांजलि दी है। वॉर्न की ‘बॉल ऑफ द सेंचुरी’ का सामना करने वाले इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज माइक गैटिंग ने कहा है वह इस महान स्पिनर के अचानक निधन से काफी दुखी है और वह हमेशा उन्हें ऐसे व्यक्ति के तौर पर याद रखेंगे जिसने खेल का लुत्फ उठाया।