नई दिल्ली
शेन वॉर्न के निधन से स्तब्ध ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क ने कहा कि क्रिकेट को उसके माइकल जोर्डन की कमी खलेगी और वह ऐसे इंसान को खोने से दुखी है जो कठिन दौर में हमेशा उनके साथ खड़े रहे। क्लार्क और वॉर्न मैदान से भीतर और बाहर एक दूसरे के काफी करीब थे। क्लार्क ने अक्सर कहा है कि वॉर्न उन्हें सबसे बेहतर समझते थे और जीवन के हर पहलू में कठिन दौर में उनकी ताकत बन गए थे। वॉर्न का थाईलैंड में शुक्रवार को दिल का दौरा पड़ने से 52 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था।
क्लार्क ने ‘डेली टेलीग्राफ’ में अपने कॉलम में लिखा ,’क्रिकेट हमेशा से आंकड़ों का खेल रहा है और वॉर्न के साथ मेरे रिश्ते को एक ही आंकड़ा स्पष्ट करता है..23। वार्नी ने मुझसे आकर कहा था कि वह चाहता है कि वनडे क्रिकेट में उसकी जर्सी नंबर 23 मैं पहनूं। मैं इसके लिए हमेशा उनका आभारी रहूंगा। यह सम्मान पूरी जिंदगी मेरे साथ रहेगा। मुझे अपना जर्सी नंबर सौंपकर उन्होंने साबित कर दिया था कि दूसरों से ज्यादा वह हमेशा मेरा साथ निभाएगा।’