Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

साउथ अफ्रीका के कप्तान ने कहा- IPL की बजाय देश के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने का फैसला करें खिलाड़ी

नई दिल्ली

साउथ अफ्रीका के टेस्ट कप्तान डीन एल्गर ने अपने साथी खिलाड़ियों से आईपीएल 2022 में खेलने की बजाय बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज में नेशनल ड्यूटी करने का आग्रह किया है। कप्तान एल्गर ने कहा है कि यह उनके लिए वफादारी की परीक्षा है और साउथ अफ्रीका के खिलाड़ियों को अपने देश को प्राथमिकता देनी चाहिए। अगर आईपीएल के मेगा ऑक्शन में चुने गए खिलाड़ी टूर्नामेंट के लिए चले जाते हैं तो फिर डीन एल्गर की कप्तानी वाली टीम बांग्लादेश के खिलाफ कमजोर पड़ जाएगी। 

साउथ अफ्रीका की टीम 18 मार्च से बांग्लादेश के खिलाफ अपनी घरेलू सरजमीं पर तीन एक दिवसीय और दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलने के लिए तैयार है, जबकि आईपीएल 26 मार्च से 29 मई तक होना है। एकदिवसीय मैच 18, 20 और 23 मार्च को होंगे और इसके बाद दो टेस्ट मैचों का आयोजन होगा, जिसमें पहला टेस्ट 31 मार्च को और दूसरा टेस्ट 12 अप्रैल से शुरू होगा। 

क्रिकइंफो की रिपोर्ट की मानें तो क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने ये फैसला क्रिकेटरों पर छोड़ा है कि वे आईपीएल 2022 में खेलने का फैसला करते हैं या फिर नेशनल ड्यूटी पर रहकर बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज खेलते हैं और फिर आईपीएल के लिए जाते हैं। एल्गर ने कहा, “खिलाड़ियों को क्रिकेट साउथ अफ्रीका को यह संकेत देने की जरूरत है कि क्या वे आईपीएल में जाने के इच्छुक हैं या फिर वे टेस्ट टीम के लिए खेलने के इच्छुक हैं। इसे खिलाड़ियों के पाले में रखना थोड़ा कठिन है, लेकिन मुझे लगता है, यह वह जगह है जहां आप देखते हैं कि खिलाड़ियों की वफादारी कहां है।”