Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

विधायक राजेंद्र बिधूड़ी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग

  • थाना प्रभारी को गालियां निकालने संबंधी आॅडियो वायरल होने का मामला
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    राजस्थान की कांग्रेस सरकार में बेगू विधानसभा क्षेत्र से विधायक राजेंद्र सिंह बिधूड़ी एक बार फिर से चर्चा में हैं। दूसरी बार विधायक बने राजेंद्र सिंह बिधूड़ी इस बार एक वायरल हुए आॅडियो को लेकर चर्चा में हैं। आरोप है कि राजेंद्र सिंह बिधूड़ी ने भैंसरोड़गढ़ थाना प्रभारी संजय गुर्जर को उनके कहे अनुसार काम नहीं करने पर जमकर गालियां दी और देख लेने की धमकी देते हुए जमकर धमकाया। इस घटना के विरोध में सेवानिवृत पुलिस कल्याण संस्थान ने सोमवार को जिला कलक्टर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंप बेगू विधायक बिधूड़ी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। इस मौके पर सेवानिवृत पुलिस कल्याण संस्थान जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह जाखड़ ने कहा कि विधान सभा क्षेत्र बेगू (चित्तौड़गढ़) के विधायक राजेन्द्र बिधूड़ी की ओर से कर्तव्य का पालना करने वाले भैंसरोड़गढ़ के थाना प्रभारी संजय गुर्जर को गालियां निकालने, भयभीत कर गलत कार्य के लिए दबाव बनाने के आपराधिक कृत्य के कारण प्रदेश के पुलिस विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों का मनोबल टूटा है। विभाग में सेवारत, सेवानिवृत पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को गहरा आघात पहुंचा है। उनमें राजनेताओं के प्रति भारी रोष व्याप्त है। जाखड़ ने कहा कि विधायक राजेन्द्र बिधूड़ी के इस आपराधिक कृत्य की संगठन घोर निन्दा करता है एवं मांग करता है कि राजेन्द्र बिधूड़ी की आवाज का नमूना लेकर उसकी एफएसएल जांच करवाकर विधायक के विरूद्ध तत्काल उचित एवं विधिक कार्रवाई की जाए ताकि पुलिस का मनोबल न टूटे। इस मौके पर सदीक मोहम्मद, सुमेरसिंह सहित कई अन्य सेवानिवृत पुलिस कर्मी मौजूद थे।