बीकानेर
बीछवाल पुलिस ने कार्यवाही करते हुए शोभासर चौराहा पर रोड़ जाम कर कैम्पर गाड़ी जलाकर आगजनी करने के आरोप में पांच युवकों को गिरफ्तार किया। इस मामले में अब तक 8 युवकों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
बीछवाल सीआई मनोज शर्मा ने बताया कि 27 फरवरी की रात शोभासर चौराहा जगदीश प्रजापत, अनिल बिश्नोई तथा 25-30 लोगों की भीड़ ने उग्र होकर एक कैम्पर गाड़ी को घेर कर रोका तथा कैम्पर चालक पर बछड़े व छोटी पाडी के परिवहन का आरोप लगाकर रोड़ जाम कर दिया था। बाद में इस कैम्पर गाड़ी को आग लगा दी। कैम्पर चालक राजू से मोबाईल व अन्य कागजात छीन जलती हुई गाड़ी में फेंक कर जला दिये। घटना पर ड्यूटी ऑफिसर गुमानाराम एएसआई द्वारा थाना पर मुकदमा दर्ज कराया गया।
इस घटना के बाद से पुलिस युवकों की तलाश कर रही थी। इस मामले में तीन युवक पहले ही गिरफ्तार हो चुके थे, जबकि शेष पांच को अब दबोचा गया है। इन सभी युवकों को सोमवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
आगजनी की गम्भीर घटना को देखते हुए पुलिस अधीक्षक योगेश यादव और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार व सीओ सदर पवन कुमार के सुपरविजन में टीम का गठन किया गया था।। मामले की जांच एएसआई जिलेसिंह कर रहे हैं।
जिन युवकों को गिरफ्तार किया गया है, उनमें छेलूसिंह पुत्र नाहरसिंह राजपूत निवासी बंगलानगर, मोहित खत्री पुत्र धर्मपाल निवासी मुक्ताप्रसाद नगर एवं प्रभातसिंह गहलोत उर्फ लक्की पुत्र सुरेन्द्र गहलोत निवासी मुक्ताप्रसाद नगर शामिल है। अब दीपक पुत्र गोपालराम प्रजापत निवासी रावतसर कुम्हारान हाल बंगलानगर, माणक राम पुत्र बीरबलराम प्रजापत निवासी गोविन्दसर थाना कोलायत हाल शोभासर चौराहा बीकानेर, जगदीश प्रजापत पुत्र घेवरराम प्रजापत निवासी सर्वोदय बस्ती, पंकज आहुजा पुत्र राजेन्द्र कुमार खत्री निवासी मुक्ताप्रसाद नगर, मूलचन्द लखेसर पुत्र मोहनलाल प्रजापत निवासी दियातरा थाना कोलायत हाल शोभासर चौराहा बीकानेर को तलाश कर गिरफ्तार किया है। इस तरह प्रकरण में अब तक 8 युवक गिरफ्तार किये जा चुके है। इस मामले में अभी पूछताछ जारी है और कुछ अन्य युवकों की गिरफ्तारी हो सकती है।