नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड समेत 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव के परिणाम का इंतजार खत्म होने वाला है। किसकी सत्ता में वापसी होगी और किसे वनवास झेलना पड़ेगा, यह तस्वीर साफ होने में कुछ ही घंटे बचे हैं। गुरुवार यानी कल सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी। वोटों की गिनती की शुरुआत हमेशा की तरह पोस्टल बैलेट से होगी और फिर ईवीएम खोली जाएंगी। उत्तर प्रदेश की 403, पंजाब की 117, उत्तराखंड की 70 और गोवा की 40 सीटों पर उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला इन्हीं ईवीएम में बंद है। फिलहाल सभी की नजरें इसी बात पर टिकी हैं कि ईवीएम में क्या निकलता है।