नई दिल्ली
बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ ने इंडस्ट्री में अपनी अलग इमेज तैयार की है। टाइगर श्रॉफ शुरू से ही एक्शन फिल्में करते रहे हैं और मार्शल आर्ट के मामले में वह इंडस्ट्री के कुछ टॉप कलाकारों में गिने जाते हैं। टाइगर श्रॉफ आज जहां हैं वहां तक आने में उन्हें काफी वक्त लगा है। हाल ही में टाइगर श्रॉफ ने अपना एक थ्रोबैक वीडियो शेयर किया है जो आपको इस बात का अहसास कराएगा कि उन्होंने कितना लंबा सफर तय किया है और आज वह जिस मुकाम पर खड़े हैं वहां तक आने में उन्हें कितना वक्त लगा है।
समंदर किनारे टाइगर श्रॉफ की प्रैक्टिस
टाइगर श्रॉफ ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर ये थ्रोबैक वीडियो शेयर किया जिसमें आप उन्हें समंदर किनारे बैक फ्लिप की प्रैक्टिस करते हुए देख सकते हैं। टाइगर श्रॉफ का ये वीडियो सालों पुराना है। वीडियो को शेयर किए जाने के बाद कुछ ही मिनटों में इसे लाखों लोगों द्वारा देखा और लाइक किया जा चुका है। वीडियो में टाइगर श्रॉफ काफी बदले हुए नजर आ रहे हैं क्योंकि उनका वजन तब काफी ज्यादा था।
कहीं ज्यादा था टाइगर श्रॉफ का वजन
टाइगर श्रॉफ ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, ‘अपनी शुरुआती स्किल्स सीखने के दौरान का अपना एक पुराना वीडियो मिला। हे भगवान उस रेत पर दौड़ना तकरीबन असंभव था। वो मेहनत वाकई में बहुत वास्तविक थी। खास तौर पर तब जब मैं बहुत मोटा था। पुराना वीडियो है।’ बता दें कि टाइगर श्रॉफ ने इंडस्ट्री में आने से पहले ही अपना वजन काफी घटा लिया था और अब तो वह बहुत मस्कुलर नजर आते हैं।