नई दिल्ली
पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच कराची के नेशनल स्टेडियम में जारी दूसरे टेस्ट मैच में सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने शतक ठोक दिया है। रावलपिंडी टेस्ट में उस्मान ख्वाजा शतक के काफी करीब थे, लेकिन वह 97 रन के निजी स्कोर पर आउट हो गए थे। कराची में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में उस्मान ने शानदार प्रदर्शन किया है। ख्वाजा ने 193 गेंदों में अपने टेस्ट करियर का 11वां शतक पूरा किया। हालांकि उनके जोड़ीदार स्टीव स्मिथ 72 रन बनाकर पवेलियन लौट गए हैं। स्मिथ और ख्वाजा के बीच तीसरे विकेट के लिए 409 गेंदों में 159 रन की साझेदारी हुई।