हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश)। जंक्शन में नवां बाइपास पर पशु मेला ग्राउंड में जिला अश्व पालक समिति की ओर से आयोजित किए जा रहे 16वें भटनेर अश्व मेले में सोमवार को छठे दिन अश्वों की प्रतियोगिताएं शुरू होने से मेले का रोमांच बढ़ गया। सोमवार को मेले में आयोजन समिति की ओर से अनेकों प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सोमवार को आयोजित दूधिया दांत बच्छेरी नुकरा प्रतियोगिता में श्यामली यूपी के अश्व पालक सौरभ सुरेश पाल प्रथम, बठिण्डा निवासी कुलप्रीत सिंह द्वितीय व हरीसिंह वाला बठिण्डा निवासी बलवंत सिंह तृतीय स्थान पर रहे। इसी तरह मारवाड़ी बच्छेरी दूधिया दांत में गांव पीरकामड़िया निवासी संजीव बेनीवाल प्रथम, गुड़गांवा के हेमंत कुमार द्वितीय व बठिण्डा मानवाला के अमोल सिंह तृतीय स्थान पर रहे। विजेताओं को समिति की ओर से प्रथम पुरस्कार के रूप में 11 हजार रुपए नकद, ट्रॉफी व प्रशस्ति पत्र, द्वितीय पुरस्कार 5100 रुपए नकद, ट्रॉफी व प्रशस्ति पत्र व तृतीय पुरस्कार 3100 रुपए नकद, ट्रॉफी व प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। भटनेर अश्व पालक समिति अध्यक्ष धनसिंह व सचिव सत्यदेव सुथार ने बताया कि अश्वों के साथ-साथ श्वान व अन्य पशु-पक्षी भी आए हैं। संजीव बेनीवाल, लोकेश चाहर, कृष्ण चाहर, सुमित चाहर, प्यारासिंह, नकुल रिणवां, नरेन्द्र कड़वासरा, मोहनसिंह राठौड़ आदि मौजूद थे।