Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

समिति को अब तक मिले दो आवेदन, 15 अप्रैल तक होंगे जमा

  • श्री नव दुर्गा युवा सेवा समिति का सामूहिक विवाह कार्यक्रम 15 मई को
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    जंक्शन की श्री नव दुर्गा युवा सेवा समिति की ओर से 15 मई को प्रस्तावित सामूहिक विवाह कार्यक्र्रम में जरूरतमंद परिवारों की नौ कन्याओं की शादी की जाएगी। आयोजन को लेकर समिति सदस्य तैयारियों में जुटे हैं। अभी तक समिति के पास दो आवेदन पहुंचे हैं। जरूरतमंद परिवार अपनी बेटी की शादी के लिए 15 अप्रैल तक आवेदन जमा करवा सकता है। सामूहिक विवाह आयोजन को लेकर बुधवार को जंक्शन की नई धानमण्डी स्थित श्री दुर्गा मन्दिर में समिति की बैठक हुई। समिति के सुरेन्द्र बलाड़िया ने बताया कि समिति की ओर से 15 मई को नौ कन्याओं की शादी के लिए सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए आवेदन लिए जाने पर बैठक में चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि समिति की ओर से हर वर्ष सामूहिक विवाह कार्यक्र्रम का आयोजन किया जाता है। जरूरतमंद परिवारों की बेटियों की शादी में कन्या को समिति की ओर से जरूरत का सामान भेंट किया जाता है। गर्ग ने बताया कि सामूहिक विवाह कार्यक्रम के लिए 15 अप्रैल तक आवेदन मांगे गए हैं। आवेदक आवेदन करने के लिए श्री नव दुर्गा युवा सेवा समिति सदस्यों से सम्पर्क कर सकता है। प्यारेलाल बंसल ने बताया कि करीब दस दिन पहले हुई समिति की बैठक में यह तय किया गया था कि जरूरतमंद परिवारों की नौ कन्याओं की शादी करवाई जाएगी। उसके लिए 15 अप्रैल तक आवेदन मांगे गए हैं। लेकिन अभी तक समिति के पास मात्र दो आवेदन आए हैं। हालांकि कई लोग आवेदन फार्म समिति से ले गए हैं लेकिन अभी तक दो आवेदन प्राप्त हुए हैं। समिति का प्रयास है कि अधिकाधिक जरूरतमंद परिवारों की कन्याओं की शादी के लिए आवेदन करवाए जाएं। जरूरत पड़ी तो नौ से अधिक कन्याओं की शादी समिति की ओर से करवाई जाएगी। बंसल ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर ऐसे परिवार जो अपनी बेटी की शादी करने में समर्थ नहीं हैं वे श्री नवदुर्गा युवा सेवा समिति से सम्पर्क करें। आवेदन करने के लिए लड़के की आयु 21 वर्ष और लड़की की आयु 18 वर्ष हो। समिति अध्यक्षा नरेन्द्र गर्ग ने बताया कि श्री नव दुर्गा युवा सेवा समिति पिछले 21 सालों से समाजसेवा को समर्पित है। समिति की ओर से हर साल जरूरतमंद परिवारों की कन्याओं की शादी करवाई जाती है। यह आयोजन जन सहयोग से किया जाता है। समिति सदस्यों की ओर से घर-घर जागरण कर एकत्रित होने वाले पैसों से यह आयोजन किया जाता है। पिछले दो साल कोरोना काल के चलते यह आयोजन नहीं होे सका था। लेकिन अब पुन: 15 मई को सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। समिति सदस्य कार्यक्र्रम की तैयारियों में जुटी है।