Wednesday, May 13निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

आरएएस में चयनित बेटी ललिता इन्सां को किया सम्मानित

  • पूज्य गुरुजी को दिया सफलता का श्रेय
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएएस) 2018 में चयनित जंक्शन निवासी बेटी ललिता इन्सां को सेवादारों की ओर से बाइपास रोड स्थित नामचर्चा घर में सम्मानित किया गया। 45 मैम्बर कमेटी के सुमन कामरा इन्सां, 15 मैम्बर कमेटी के श्यामलाल गर्ग इन्सां, सुरेश मरेजा इन्सां ने ललिता इन्सां को सम्मानित करते हुए कहा कि ललिता इन्सां अन्य बच्चों व बेटियों के लिए प्रेरणास्त्रोत बनेगी। उन्होंने ललिता के उज्जवल भविष्य की कामना की। इस मौके पर सच कहूँ संवाददाता से बातचीत करते हुए आरएएस में चयनित ललिता नानकानी इन्सां ने बताया कि उसका बचपन से सपना था कि वह आरएएस अधिकारी बने और समाज में बदलाव लाने का प्रयास करे। ललिता ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां को देते हुए कहा कि आज वह अपने पूज्य गुरुजी की प्रेरणा से ही इस मुकाम को हासिल कर सकी है। ललिता ने अलग-अलग परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं को सन्देश देते हुए कहा कि कोई भी कार्य कठिन नहीं है। लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत के बाद कठिन से कठिन लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। नकारात्मकता से दूर रहें। आत्मविश्वास रखें। कठिन परिश्रम ही सफलता का मूलमंत्र है। ललिता नानकानी इन्सां ने बताया कि उसने भाटिया आश्रम से तैयारी की। ललिता ने अपनी सफलता का श्रेय भाटिया आश्रम के स्टाफ व माता-पिता को भी दिया। गौरतलब है कि कुन्दन नानकानी की होनहार बेटी ललिता इन्सां ने आरएएस-2018 में 57वीं रैंक हासिल की है।