Thursday, July 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

कौन हैं संदीप पाठक, जिन्हें राज्यसभा में भेजने वाले हैं अरविंद केजरीवाल

नई दिल्ली

पंजाब से राज्यसभा की पांच सीटों पर कार्यकाल अगले महीने अप्रैल में खत्म होने वाला है। इसके लिए सोमवार को राज्यसभा सीटों पर नामांकन की अंतिम तारीख है। इसी बीच पंजाब विधानसभा चुनाव में धमाकेदार जीत दर्ज करने वाली आम आदमी पार्टी ने अपने पांचों उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। इन उम्मीदवारों में राघव चड्ढा, हरभजन सिंह, संदीप पाठक, अशोक मित्तल और संजीव अरोड़ा का नाम शामिल है। राजनीतिक गलियारों में इन सभी पांचों उम्मीदवारों का नाम चर्चा में है लेकिन आईआईटी प्रोफेसर संदीप पाठक का नाम अधिक चर्चा में है, आइए जानते हैं कि वे कौन हैं।

केजरीवाल और भगवंत मान के करीबी
दरअसल, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बेहद करीबी माने जाने वाले संदीप पाठक आईआईटी में फिजिक्स के प्रोफेसर हैं। वे पंजाब के सीएम भगवंत मान के भी करीबी माने जाते हैं। उन्होंने पंजाब में आप की जीत में बड़ी भूमिका निभाई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने बूथ लेवल तक संगठन बनाने में महत्वपूर्ण भागीदारी निभाई। इस दौरान उन्होंने संगठन को काफी मजबूत बनाया और वहां पार्टी की सरकार भी बन गई।

आईआईटी दिल्ली में प्रोफेसर
संदीप पाठक मूलरूप से छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के रहने वाले हैं। उनके गांव का नाम बटहा है, उनके पिता किसान हैं। संदीप का जन्म 1979 में हुआ और उन्होंने पांचवीं तक की पढ़ाई लोरमी में की है। इसके बाद वे बिलासपुर चले गए जहां से उन्होंने एमएससी तक की पढ़ाई की। इसके बाद वे हैदराबाद होते हुए ब्रिटेन के कैंब्रिज चले गए जहां उन्होंने छह साल तक बिताए। आईआईटी दिल्ली की वेबसाइट के मुताबिक संदीप ने मेसाच्युसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में प्रोफेसर व्लादिमारी बुलोविक के साथ काम किया। 2006 से वे आईआईटी दिल्ली के प्रोफेसर हैं।