Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

वादाखिलाफी के विरोध में कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन

  • राष्टÑपति के नाम उपखण्ड अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    केन्द्र सरकार की ओर से तीन कृषि कानूनों को वापस लेने की घोषणा किए जाने के बाद मोर्चा उठाए जाने के बाद किसानों से लगातार हो रही वादाखिलाफी के खिलाफ संयुक्त किसान मोर्चा हनुमानगढ़ की ओर से सोमवार को जिला कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति के नाम उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। इस मौके पर मोर्चा के रामेश्वर वर्मा ने कहा कि देशभर के किसानों में तीनों काले कानूनों के विरोध में भारी रोष व्याप्त था। संयुक्त किसान मोर्चा ने सरकार के आश्वासन एवं भरोसे पर दिल्ली बॉर्डर से अपना मोर्चा उठाने का ऐलान किया। उसके बाद सरकार अपने वादों से मुकर ही नहीं गई बल्कि किसानों के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम भी कर रही है। सरकार की वादाखिलाफी के विरोध में पूरे देश में किसानों की ओर से 31 जनवरी को विश्वासघात दिवस मनाया गया था और हर जिले में राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया था। उन्होंने कहा कि देश के अन्नदाता में सरकार के लिए भारी रोष व्याप्त है। केन्द्र सरकार अगर अपनी लिखित बातों पर अमल नहीं करती है तो किसान मजबूरन पुन: बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। रेशम सिंह ने कहा कि किसान अभी तक धैर्य बनाए हुए हैं परंतु यह धैर्य टूटने के बाद सुनामी से बड़ा आंदोलन फिर से देश में खड़ा होगा। उन्होंने बताया कि संयुक्त किसान मोर्चा ने 11 से 17 अप्रैल तक एमएसपी गारंटी सप्ताह मनाने का फैसला लिया है। अगर इसके बाद भी सरकार अपने आश्वासन पर अमल नहीं करती तो किसानों के पास आंदोलन के सिवा कोई दूसरा रास्ता नहीं होगा। इस मौके पर रमनदीप कौर, रघुवीर वर्मा, राय साहब, सुरेंद्र शर्मा, वीरेंद्र सिंह, लखवीर सिंह, गुरुजीवन सिंह, बूटासिंह, विक्रम नैण, गुरपरविन्द्र सिंह मान, गुरनायब सिंह, मुकद्दर अली, जगतार सिंह, रिशपाल सिंह आदि मौजूद थे।