राष्टÑपति के नाम जिला कलक्टर को सौंपा ज्ञापन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। राजस्थान में दलित समाज पर बढ़ रहे अत्याचारों के खिलाफ बहुजन समाज पार्टी कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जिला कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। बसपा प्रदेश प्रभारी सीताराम सीला, प्रदेश महासचिव भोलासिंह बाजीगर व जिलाध्यक्ष महावीर सहजीपुरा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि राजस्थान में पिछले तीन सालों में दलित समाज पर जुल्म-ज्यादती व अन्याय-अत्याचार में बेतहाशा वृद्धि हुई है। पिछले कुछ दिनों में दलित समाज के युवाओं की हत्या व बच्चियों के साथ दुष्कर्म की घटनाओं से दलित समाज राजस्थान की गहलोत सरकार में अपने आपको असुरक्षित महसूस कर रहा है। दबंगों की ओर से लगातार दलित समाज के युवाओं व मां-बेटियों को निशाना बनाया जा रहा है। सरकार और कानून के ढीले-ढाले रवैये की वजह से दलितों पर अत्याचार करने वाले लोगों के हौसले बुलन्द हैं। लगातार ऐसी घटनाओं में वृद्धि हो रही है और न्याय की मांग को लेकर कार्यवाही के लिए परिवार व सामाजिक संगठनों को धरना-प्रदर्शन, आन्दोलन करना पड़ रहा है। ताजा मामले में सात दिन पहले पाली जिले में जातिवादी मानसिकता के कारण जितेन्द्र मेघवाल नामक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे दलित समाज में असुरक्षा की भावना घर कर गई है। ज्ञापन के जरिए कानून व्यवस्था की स्थिति में सुधार करने और दलित समाज पर होने वाली घटनाओं पर रोक लगाने की मांग बसपा कार्यकर्ताओं की ओर से की गई। इस मौके पर बनवारी लाल चालिया, दलीप बिरट, प्रेम, राजकुमार चांवरिया, रामसिंह चालिया, अर्जुन बावरी, शंकर लाल नायक, अजीत धारीवाल, भूपेंद्र सर्वटा, रोहिताश, अमन मेहरड़ा, कुलदीप सिला, प्याराराम बाजीगर, दीपक वाल्मीकि, बीरबल राम मेघवाल, लालचंद वाल्मीकि, ओमप्रकाश, सुरेन्द्र, तेजाराम बाजीगर, कश्मीर सिंह, महेंद्र कुमार, अलंकार भाट, मोहम्मद अली, सतपाल, कुलदीप, राजेन्द्र, गुरदीप सिंह, गुरमेल सिंह, बलविंदर सिंह, पुन्नूराम, गौरव, संदीप, मांगीलाल, भालाराम, राजाराम, अंगद कुमार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।