दोनों नाबालिग बच्चियों का सुराग नहीं, पुलिस पर ढिलाई बरतने का आरोप
by seemasandesh
जंक्शन पुलिस थाना के सामने लगाया था धरना, बाल कल्याण समिति ने परिजनों से की मुलाकात हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जंक्शन के वार्ड 15, भट्ठा कॉलोनी से दो नाबालिग बालिकाएं तीन दिन से लापता हैं। दोनों बालिकाओं का गुरुवार को तीसरे दिन भी सुराग नहीं लग पाया। इस संबंध में बुधवार को ही जंक्शन पुलिस थाना में एक जने के खिलाफ अपहरण के आरोप में मामला दर्ज हुआ था। उधर, परिजनों ने पुलिस पर इस मामले में ढिलाई बरतने का आरोप लगाते हुए बुधवार को जंक्शन पुलिस थाना के सामने धरना भी दिया था। मामला संज्ञान में आने पर गुरुवार को बाल कल्याण समिति सदस्य प्रेमचन्द शर्मा, विजयसिंह चौहान व सुमन सैनी ने दोनों नाबालिग बालिकाओं के परिजनों से मुलाकात कर मामले की जानकारी ली। इस दौरान परिजनों ने बताया कि उनकी दो नाबालिग बेटियों को लापता हुए तीन दिन हो चुके हैं। एक की आयुु 17 साल जबकि दूसरी 13 साल की है। दोनों बेटियां कपड़े लेकर आने की बात कहकर घर से गई थी लेकिन इसके बाद से दोनों का कोई अता-पता नहीं। उन्होंने पुलिस थाना में भी मुकदमा दर्ज करवाया लेकिन पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की। परिजनों का आरोप था कि जब वे थाना गए तो थाना प्रभारी ने पुलिस कर्मियों को कहा कि इन्हें धक्के मारकर पुलिस थाना से बाहर निकाल दो। वे कोई कार्रवाई नहीं करेंगे। मजबूरी में उन्हें पुलिस थाना के सामने धरना लगाना पड़ा। परिजनों के अनुसार उन्होंने अमित पर दोनों बच्चियों को कमल पुत्र नेमीचन्द खटीक निवासी सेक्टर 12 के सहयोग से बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के आरोप में मुकदमा दर्ज करवाया था। पुलिस ने कमल को पूछताछ के बाद छोड़ दिया। उसके खिलाफ पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। न ही सख्ती से पूछताछ की। उनकी सुनवाई नहीं हो रही। पूर्व पार्षद रविन्द्र बावरी के अनुसार वे लापता दोनों बच्चियों के परिजनों के साथ पुलिस थाने के चक्कर लगा रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने बुधवार को मुकदमा दर्ज किया। इससे पहले कमल पर शक जताने के बावजूद पुलिस ने उससे पूछताछ नहीं की। बुधवार को परिवार के लोगों ने थाने के सामने धरना दिया तो पुलिस कमल को उठाकर लाई लेकिन शाम को उसे छोड़ दिया गया। अभी तक दोनों बच्चियों का कोई अता-पता नहीं। पुलिस अधीक्षक से मिलकर दोनों बच्चियों को बरामद करने की गुहार लगाई जाएगी। कोई कार्रवाई न होने पर जंक्शन पुलिस थाना के सामने परिवार के लोगों के साथ धरना देंगे। साथ ही कहा कि पुलिस की ढिलाई से दोनों बच्चियों के साथ कोई अनहोनी होने की आशंका है।