नई दिल्ली
पब्लिक प्रॉविडेंट फंड (PPF), नेशनल पेंशन स्कीम (NPS) और सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) के खाताधारकों के लिए जरूरी खबर है। खाते को एक्टिव रखने के लिए आप 31 मार्च से पहले मिनिमम बैलेंस जमा कर दें वरना बाद में परेशानी हो सकती है, खाता बंद भी हो सकता है। दरअसल, सरकार की ओर से चलाई जाने वाली इन योजनाओं में ग्राहकों को टैक्स सेविंग्स की सुविधा भी मिलती है। इसके लिए आपको अपनी इन योजनाओं में मिनिमम निवेश बनाए रखना होता है ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि आपका खाता एक्टिव है।
देना पड़ सकता है जुर्माना
यदि आपने चालू वित्त वर्ष के लिए इन खातों में कोई पैसा जमा नहीं किया है तो आप 31 मार्च, 2022 तक न्यूनतम जरूरी रकम डाल लें। वरना इन्हें दोबारा एक्टिव करवाने के लिए आपको जुर्माना देना पड़ेगा। ध्यान दें कि वित्त वर्ष 2021-22 से, कोई व्यक्ति पुरानी या मौजूदा टैक्स व्यवस्था का विकल्प चुन सकता है और मौजूदा कर छूट और कटौती का लाभ उठा सकता है। भले ही आप नई कर व्यवस्था का विकल्प चुनते हैं फिर भी यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि आपने खाते को सक्रिय रखने के लिए आवश्यक न्यूनतम योगदान जमा कर दिया है।