मुंबई
विराट कोहली (Virat Kohli) आईपीएल इतिहास के सबसे सफल बल्लेबाज हैं। उनके नाम लीग में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड है। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के पूर्व कप्तान कोहली ने आईपीएल में अब तक सबसे ज्यादा 6283 रन बनाए हैं। इन रनों में उनके नाम 42 हाफ सेंचुरी और पांच सेंचुरी दर्ज है। कोहली एक बार फिर से आईपीएल 2022 में एक और रिकॉर्ड अपने नाम करने को तैयार हैं। आईपीएल के 15वें सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को अपना पहला मुकाबला अब से कुछ देर में पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलना है और इस मुकाबले में कोहली एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने वाले हैं।
विराट पंजाब के खिलाफ मुकाबले के लिए मैदान पर उतरते ही आईपीएल में अपनी 200 पारी पूरी कर लेंगे। कोहली ने आईपीएल में अब तक 199 पारियों में बल्लेबाजी की है। इस दौरान उन्होंने 37.39 की औसत से रन बनाए हैं। इसमें स्ट्राइक रेट 129.94 की रही है। विराट आईपीएल में 207 मुकाबले खेल चुके हैं और वह सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ियों में एमएस धोनी (221), रोहित शर्मा और दिनेश कार्तिक (213) से ही पीछे हैं।
2022 में बतौर बल्लेबाज खेलेंगे कोहली
विराट ने आईपीएल 2021 के दौरान बैंगलोर की कप्तानी छोड़ दी थी। इस सीजन में वह बतौर बल्लेबाज खेलने वाले हैं। आरसीबी ने इस बार फॉफ डुप्लेसी को टीम का कप्तान बनाया है। डुप्लेसी इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स टीम का हिस्सा थे। लेकिन इस बार वह आरसीबी की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे।