नई दिल्ली
अनिल अंबानी की कर्ज में फंसी कंपनी रिलायंस कैपिटल लिमिटेड (Reliance capital) को खरीदने के लिए अडानी-टाटा (Adani-tata) जैसे दिग्गज कंपनियों के नाम सामने आ रहे हैं। दरअसल, मामले की जानकारी रखने वाले एक अधिकारी के मुताबिक, रिलायंस कैपिटल को टेकओवर करने के लिए 54 कंपनियों ने बोली लगाई है। इन कंपनियों में अडानी फिनसर्व, टाटा एआईजी, आईसीआईसीआई लोम्बार्ड, एचडीएफसी एर्गो और निप्पन लाइफ इंश्योरेंस जैसी दिग्गज कंपनी शामिल हैं। इस खबर के बाद कंपनी के शेयर में जोरदार तेजी देखने को मिल रही है। आज सोमवार को रिलायंस कैपिटल के शेयर में अपर सर्किट लग गया। कंपनी के शेयर 5% तक की तेजी के साथ 14.90 रुपये पर पहुंच गए।
5 ट्रेडिंग सेशंस में 0.67% की गिरावट
रिलायंस कैपिटल के शेयर में पिछले सप्ताह गिरावट देखी गई थी। शुक्रवार को कंपनी के शेयर 14.15 रुपये पर बंद हुए थे। आज सोमवार को रिलायंस कैपिटल के शेयर 4.95% चढ़कर 14.85 रुपये पर खुले। कंपनी के शेयर पिछले पांच ट्रेडिंग सेशंस में 0.67% गिरे हैं। वहीं, एक महीने में शेयर 18.73% भागा है।