Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

RRR की सक्सेस देख राजामौली की फैन हुईं कंगना रनौत, कहा- ‘अपने राष्ट्र और धर्म के लिए उनका…’

मुंबई

निर्देशक एसएस राजामौली की फिल्म ‘आरआरआर’ इस शुक्रवार रिलीज हुई। फिल्म में जूनियर एनटीआर और रामचरण मुख्य भूमिका में है। बड़े बजट की इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रखा है। केवल दर्शक ही नहीं समीक्षकों ने भी फिल्म को सराहा है। इसका अंदाजा इससे ही लगाया जा सकता है कि ‘आरआरआर’ ने 600 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। बॉलीवुड और साउथ के बहुत से सितारों ने फिल्म की तारीफ करते हुए प्रतिक्रिया दी है। अब कंगना रनौत ने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी शेयर की और निर्देशक एसएस राजामौली की सादगी की तारीफ की है।

कंगना ने राजामौली को भारतीय फिल्मों का सबसे महान निर्देशक बताया। उन्होंने कहा कि वह एक ऐसे निर्देशक हैं जिनकी कोई फिल्म असफल नहीं हुई। कंगना लिखती हैं, ‘राजामौली सर ने साबित कर दिया है कि वह अब तक के सबसे महान भारतीय फिल्म निर्देशक हैं। उन्होंने कभी असफल फिल्म नहीं दी है।‘ 

कंगना ने आगे लिखा, ‘फिर भी उनके बारे में सबसे अच्छी बात उनकी सफलता नहीं बल्कि एक कलाकार के रूप में उनकी विनम्रता, एक व्यक्ति के रूप में सादगी, अपने राष्ट्र और अपने धर्म के लिए उनका महान प्रेम है। आप जैसा रोल मॉडल पाकर बहुत अच्छा लगा सर। आपकी फैन।‘