राजस्थान बजट 2022-23 की घोषणाओं का आज यानी 1 अप्रैल से लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। सीएम गहलोत ने राज्य बजट की 210 घोषणाओं को गुरुवार को मंजूरी प्रदान कर दी थी। नए वित्त वर्ष में इन घोषणाओं का लाभ जनता को मिलने लग जाएगा। इनमें आज से सभी सरकारी अस्पतालों में आपीडी और आईपीडी निशुल्क होना भी शामिल है। सीएम गहलोत ने 23 फरवरी को वित्त वर्ष 2022-23 का बजट पेश किया था। सीएम गहलोत ने ट्वीट कर कहा कि विपक्ष के लोग प्रदेशवासियों को गुमराह कर रहे थे कि ये बजट लागू कैसे होगा। बजट 2022-23 की अनुपालना में 210 घोषणाओं को स्वीकृति दी जा चुकी है। इनमें से कुछ प्रमुख घोषणाएं निम्न है। जिनका लाभ आज 1 अप्रैल से प्रदेशवासियों को मिलेगा। ये बजट ऐसे ही लागू होगा।
सीएम गहलोत का भाजपा पर पलटवार
उल्लेखनीय है कि घोषणाओं के क्रियान्वयन को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर आरोप लगा रही थी कि सरकार ने बजट में लच्छेदार घोषणा तो कर दी है, लेकिन ये धरातल पर नहीं उतरेगी। विपक्ष के इन आरोपों पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सीधा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि इस बजट की 210 योजनाओं को स्वीकृति दी जा चुकी है। इनमें से कुछ प्रमुख घोषणाओं का लाभ 1 अप्रैल यानी आज से प्रदेशवासियों को मिलने लगेगा।