योग गुरु रामदेव के पतंजलि समूह की कंपन रुचि सोया ने फॉलो-ऑन पब्लिक ऑफर (FPO) का इश्यू प्राइस 650 रुपये प्रति इक्विटी शेयर तय किया है। इसके बाद बीते शुक्रवार के कारोबार में निवेशकों ने कंपनी से खूब शेयर बेचे।
कितना है शेयर का भाव: बिकवाली हावी रहने की वजह से रुचि सोया का शेयर 943.55 रुपए पर था। एक दिन पहले के मुकाबले शेयर के भाव में 1.26 फीसदी गिरावट रही। कारोबार के दौरान ये गिरावट 3 फीसदी से ज्यादा हो गई थी। बता दें कि 9 जून 2021 को शेयर का भाव 1,377 रुपए था, जो 52 सप्ताह का उच्च्तम स्तर है। इस लिहाज से शेयर के भाव में रिकवरी अभी बाकी है।
एफपीओ कब हुआ था लॉन्च: रुचि सोया लिमिटेड ने अपने एफपीओ के लिए निर्गम मूल्य (शेयर आवंटित करने का मूल्य) 650 रुपये प्रति शेयर तय किया है। रुचि सोया का 4,300 करोड़ रुपये का एफपीओ 24 मार्च को खुला था। कंपनी का लक्ष्य कर्ज मुक्त होना है। कंपनी का एफपीओ 28 मार्च को बंद हुआ था और इसके लिए मूल्य दायरा 615 से 650 रुपये प्रति शेयर तय किया था।