श्रीगंगानगर (केसरीसिंहपुर)
इलाके के बहुचर्चित अस्सी लाख रुपए के ठगी मामले में गिरफ्तार विदेशी नागरिक बाकायोको को गुरुवार को न्यायालय में पेश करने के बाद आठ दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। इस दौरान उससे कई नई जानकारियां सामने आने की उम्मीद है। इस बीच आरोपी से अब तक हुई पूछताछ में भी कई बातें सामने आई हैँ। विश्वस्त सूत्रों के अनुसार नागरिक से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस आगे बढ़ रही है। इससे ठगी की वारदात का खुलासा होने की उम्मीद जागी है।
पुलिस ने पकड़ा था विदेशी ठग
केसरीसिंहपुर के मिठाई व्यवसायी सुरजीतसिंह से ठगी के आरोप में पुलिस ने इस विदेशी ठग को पकड़ा है। आरोपी बाकायोको का संबंध अंतराष्ट्रीय ठगी गिरोह से है तथा आइवरी कोस्ट का मूल निवासी है। पुलिस ने बुधवार को दिल्ली में कार्रवाई करते हुए आरोपी को वहां से गिरफ्तार किया था। ठगी के दौरान जिन चौदह भारतीय बैंकों में लेनदेन किया गया, उनकी जांच के बाद पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।
महिला से हुआ था सोशल मीडिया पर संपर्क
पीड़त सुरजीतसिंह का पिछले दिनों सोशल मीडिया पर साेफिया अल्ला नाम की महिला से संपर्क हुआ था। उसने सुरजीत को पौंड भिजवाने तथा विदेश बुलाने झांसा दिया तथा उससे रुपए ठगती रही। पीड़ित फाइनेंसरों से रुपए उधार लेकर सोफिया को देता रहा।
उसे अपने साथ ठगी होने का एहसास होने तथा रुपए उधार देने वाले फाइनेंसरों के रुपए लौटने के लिए दबाव डालने पर पीड़ित ने मामला दर्ज करवाकर अपने साथ हुई ठगी की जानकारी पुलिस को दी। तब तक आरोपी उससे 79 लाख 21 हजार 842 रुपए दे चुका था।