आरसीबी के पूर्व कप्तान विराट कोहली को हम रन मशीन के नाम से भी जानते हैं। 2016 कोहली के करियर के सबसे बेहतरीन साल में से एक है। इस दौरान कोहली के बल्ले से अंतरराष्ट्रीय मंच के साथ-साथ फ्रेंचाइजी क्रिकेट में आरसीबी के लिए भी खूब रन निकले थे, मगर वह फिर भी खिताब जीतने में सफल नहीं हो पाए थे। आईपीएल 2016 के फाइनल में सनराइजर्स हैदराबाद ने आरसीबी को फाइनल में मात दी थी, तो वहीं 2016 टी20 वर्ल्ड कप के दौरान वेस्टइंडीज ने सेमीफाइनल में भारत को हार का स्वाद चखाया था। यह दो हार भारतीय पूर्व कप्तान विराट कोहली के सीने में आज भी ताजा है और कोहली ने खुद इस बात को माना है।
आरसीबी द्वारा यूट्यूब पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में जब विराट कोहली से पूछा गया कि वो कौन सा एक मैच है जिसने आपका दिल तोड़ा तो कोहली ने कहा “2016 आईपीएल का फाइनल और उसी साल टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनखेड़े में।”
विराट कोहली ने इन दोनों टूर्नामेंट में धुआंधार बल्लेबाजी की थी। 2016 आईपीएल के दौरान कोहली के बल्ले से 4 शतक के साथ 973 रन निकले थे। जो आज भी आईपीएल में एक रिकॉर्ड है, वहीं 2016 टी20 वर्ल्ड कप के दौरान उन्होंने 136.50 की औसत से 273 रन बनाए थे और वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में दूसरे स्थान पर थे।