Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

अगर ऑक्शन ना होता तो मुंबई इंडियंस से पहले इस टीम के कप्तान बनते रोहित शर्मा

रोहित शर्मा आईपीएल के सबसे सफल कप्तान हैं, उनकी कप्तानी में मुंबई इंडियंस टीम ने सबसे अधिक 5 बार खिताब जीते हैं। 2013 में इस सलामी बल्लेबाज को पहली बार टीम की अगुवाई करने का मौका मिला था और बतौर कप्तान अपने डेब्यू सीजन में ही रोहित ने मुंबई इंडियंस को चैंपियन बनाया था, इसके बाद 2015, 2017, 2019 और 2020 में इस टीम ने खिताब जीता था। मगर क्या आप जानते हैं कि रोहित शर्मा को मुंबई इंडियंस से पहले डेक्कन चार्जर अपना कप्तान बनाना चाहती थी, मगर ऑक्शन ने उनका खेल बिगाड़ दिया।

जी हां, इसका खुलासा डेक्कन चाजर्स के पूर्व खिलाड़ी प्रज्ञान ओझा ने किया है। रोहित शर्मा ने आईपीएल में डेब्यू डेक्कन चार्जस की टीम से किया था, वह तीन साल इस टीम का हिस्सा रहे थे। उस समय ऑस्ट्रेलिया दिग्गज एडम गिलक्रिस्ट की कप्तानी में वह खेला करते थे। गिलक्रिस्ट ने रोहित की कप्तानी के कौशल को परखा था और वह उन्हें टीम का अगला कप्तान बनाना चाहते थे।

ओझा ने क्रिकबज से कहा “एक बल्लेबाज के रूप में वह असाधारण थे। तब मुंबई की घरेलू टीम ने भी उन्हें कप्तान के तौर पर नहीं देखा था, लेकिन मुझे स्पष्ट रूप से याद है कि जब एडम गिलक्रिस्ट कप्तान थे तो उन्होंने रोहित को अपने थिंक टैंक में रखा था। उन्होंने महसूस किया कि रोहित ने जिस तरह से बल्लेबाजी की, उन्होंने जो स्पष्टता दिखाई और दबाव की परिस्थितियों में उन्होंने जो क्षमता दिखाई, उनमें नेतृत्व के गुण हो सकते हैं। जब रोहित मैच के दौरान इनपुट देने लगे, तो निश्चित रूप से लगा कि वह कप्तान हो सकते हैं।”