सीमा सन्देश न्यूज
सूरतगढ़। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहम्मद जुनैद ने पंचायत समिति का निरीक्षण कर विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान योजनाओं की प्रगति संतोषजनक पाई गई। सादकवाला व फरीदसर पंचायत के ग्राम विकास अधिकारी को नोटिस देने के निर्देश दिए। विकास अधिकारी रामप्रताप गोदारा ने सभी योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट से अवगत करवाया। कनिष्ठ लिपिक व ग्राम विकास अधिकारियों की बैठक लेकर उन्होंने पंचायत वाईस विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान पूर्णता प्रमाण पत्र में शिथिलता पाने पर सादकवाला पंचायत के ग्राम विकास अधिकारी अमित कुमार व प्रधानमंत्री आदर्श गांव योजना की धीमी प्रगति पर फरीदसर ग्राम विकास अधिकारी जयपाल को जिला परिषद से नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में सीईओ ने कहा कि इन योजनाओं में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर उपस्थित प्रधान हजारीराम मील ने पंचायतों में निर्माण कार्यों में आ रही विभिन्न समस्याओं से अवगत करवाया। बैठक में सहायक अभियंता भीखाराम, लेखाकार प्रवीण जैन सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। इसके बाद भोजेवाला पंचायत में विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण करने के लिए जिला परिषद की गठित टीम में अधिशासी अभियंता सुखविंद्र सिंह, सहायक विकास अधिकारी धर्मपाल मौर्य सहित लेखाधिकारी व दो कनिष्ठ सहायक शामिल थे।
ग्राम विकास अधिकारी संघ के जिलाध्यक्ष विनोद सुथार व शाखा अध्यक्ष पवन शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी को ज्ञापन देकर श्रम विभाग की श्रमिक कल्याण योजना के सर्वे में उनकी डयूटी लगाने का विरोध करते हुए इस कार्य से मुक्त करने की मांग की।