Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

जयपुर से करौली जाते समय पायलट का शक्ति प्रदर्शन, महंगाई पर मोदी सरकार पर साधा निशाना

जयपुर

राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने महंगाई समेत कई अन्य मुद्दों पर मोदी सरकार के खिलाफ हमला बोला है। राजधानी जयपुर में महंगाई के खिलाफ धरने में सचिन पायलट ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार आर्थिक आतंकवाद थोप रही है। पीएम मोदी को घमंड में राज करने की आदत हो गई है। भाजपा को लगता है कि चुनाव आएंगे तो हम 80 बनाम 20 की बात करेंगे।  हिंदू-मुस्लिम के नाम पर दंगे भड़काएंगे। लोगों में भावनाएं पैदा करके वोट ले लेंगे। मोदी सरकार की आर्थिक नीतियां देश को खोखला कर रही है। जयपुर से करौली जाते समय विभिन्न स्थानों पर लोगों से मुलाकात की। इस मुलाकात को शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है। इससे पहले पायलट ने अपने आवास पर जिला कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से मुलाकात की थी।

पायलट बोले-  कांग्रेस का हाथ गरीब के साथ

पायलट ने कहा कि किसानों के खातों में 2 हजार रुपये डलवाकर  उनके हकों पर लाखों करोड़ों की डकैती डाली जा रही है। केंद्र सरकार सब कुछ बेचने में लगी हुई है। सचिन पायलट ने महंगाई मुक्त भारत अभियान के तहत प्रदेश कांग्रेस द्वारा सिविल लाइंस फाटक, जयपुर पर आयोजित विरोध-प्रदर्शन में मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। पायलट ने कहा कि देश की सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों को बेचा जा रहा है। चंद लोगों को फायदा देने के लिए सरकारी कंपनियों को बेचा जा रहा है। पायलट ने कहा कि जो व्यक्ति 15-20 हजार रुपये कमाकर अपने परिवार को पेट पालन करता है वह इस महंगाई में कैसे अपने परिवार को पेट पालन करेगा। हमें उस व्यक्ति की आवाज बनकर साथ देना होगा। उसके साथ खड़ा रहना होगा।