Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

साइकिल रैली निकाल स्वस्थ रहने और नशामुक्ति का दिया संदेश

  • जिला पुलिस अधीक्षक ने दिखाई हरी झंडी
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की ओर से विश्व स्वास्थ्य दिवस पर गुरुवार सुबह जिला मुख्यालय पर साइकिल रैली निकाली गई। साइकिल रैली के जरिए स्वस्थ रहने और नशामुक्ति का संदेश दिया गया। रैली का आयोजन टाउन स्थित भारत माता चौक से जंक्शन में बेनीवाल हॉस्पिटल तक किया गया। मुख्य अतिथि जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अजयसिंह राठौड़ ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में आईएमए और संडे साइकलिंग क्लब के सदस्य शामिल हुए। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी डॉ. राठौड़ ने कहा कि आम आदमी को अगर कोई स्वास्थ्य संबंधी समस्या होती है तो वह डॉक्टर के पास जाता है। चिकित्सक की कही हुई बात उस व्यक्ति की गहराई तक काम करती है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए चिकित्सकों की ओर से निकाली गई रैली का लोगों तक अच्छा संदेश जाएगा। लोग जागरूक होंगे कि जब चिकित्सक साइकिल चला रहे हैं तो इसका कुछ न कुछ फायदा होगा। एसपी ने नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए कहा कि हम अभी भी नशे को एक बीमारी नहीं मान रहे। जबकि डब्ल्यूएचओ ने नशे को बीमारी घोषित कर रखा है। इसलिए कोई भी नशेड़ी प्रवृत्ति का व्यक्ति अगर किसी चिकित्सक के सम्पर्क में है तो वे उसे उस नशे को छोड़ने के लिए प्रेरित करें। उसे कहें कि जैसे अन्य बीमारियों का इलाज है उसी प्रकार नशे की बीमारी का भी इलाज है। इस मौके पर पीएमओ डॉ. मुकेश पोटलिया, बारसंघ अध्यक्ष मनजिन्द्र सिंह लेघा, आईएमए अध्यक्ष डॉ. भवानीसिंह ऐरन, सूचना एवं जनसम्पर्क अधिकारी सुरेश बिश्नोई, डॉ. पारस जैन, लायंस क्लब के कमलजीत सैनी, पूर्व पीएमओ डॉ. एमपी शर्मा, डॉ. एसएस गेट, एडवोकेट नितिन छाबड़ा, मोहित बलाड़िया आदि मौजूद थे।