नई दिल्ली
पूर्वी यूक्रेन के क्रामटोर्स्क रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को दो रॉकेटों के हमले में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई और 100 से अधिक घायल हो गए। रिपोर्ट में कहा गया है कि रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच निवासियों को निकालने के लिए स्टेशन का इस्तेमाल किया जा रहा था। दुनिया की अन्य बड़ी खबरों में श्रीलंका के विपक्ष ने राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे की व्यापक कार्यकारी शक्तियों को समाप्त करने के लिए जल्द ही एक प्रस्ताव दायर करने की योजना बनाई है। देश और दुनिया के अन्य घटनाक्रम में पाकिस्तान काफी चर्चा में है। दरअसल पाकस्तिान के सुप्रीम कोर्ट ने विपक्ष के अवश्विास प्रस्ताव विफल करने की प्रधानमंत्री इमरान खान की चाल को नो बॉल करार देते हुए उन्हें और उनकी पार्टी पाकस्तिान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) को करारा झटका दिया है। कोर्ट की पांच सदस्यीय पीठ ने इमरान सरकार के खिलाफ अवश्विास प्रस्ताव को रद्द करने के नेशनल असेंबली के डिप्टी स्पीकर कासिम सूरी के निर्णय को गुरुवार को असंवैधानिक करार देते हुए खारिज कर दिया।
आज जनता को फिर संबोधित करेंगे इमरान खान
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान अपनी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए- इंसाफ (पीटीआई) को सुप्रीम कोर्ट से जोरदार झटका मिलने के एक दिन बाद शुक्रवार को राष्ट्र को संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि इमरान खान कल पाक संसद में होने वाले अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग से पहले अपने संबोधन कुछ बड़ा ऐलान कर सकते हैं।
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने तीन अप्रैल से गुरुवार तक उनकी सरकार की सभी कार्रवाइयों को रद्द कर दिया और उन्हें शनिवार को अविश्वास प्रस्ताव का सामना करने के लिए भी कहा। न्यूज इंटरनेशनल ने सूत्रों के हवाले से बताया कि इमरान खान ने कैबिनेट और संसदीय दल की बैठक भी बुलायी है।